जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के कर्मचारी सुबोध पात्रो की मौत के बाद मुआवजे की मांग को लेकर कंपनी के पांच प्रमुख गेटों को जाम करने और हंगामा करने के मामले में कंपनी प्रबंधन ने सख्त रुख अपनाया है. कंपनी के सुरक्षा अधिकारी शिवाकांत सिंह के लिखित बयान पर मजदूर नेता बंटी सिंह समेत 18 नामजद और 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बंटी सिंह और उनके समर्थकों ने सुनियोजित तरीके से आंदोलन कर कंपनी के पांचों गेटों को जाम कर दिया था. इस दौरान कर्मचारियों की आवाजाही बाधित की गई और आंदोलनकारियों पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने तथा क्षेत्र की शांति और कानून-व्यवस्था भंग करने का आरोप लगाया गया है.(नीचे भी पढ़े)
गौरतलब है कि कर्मचारी सुबोध पात्रो के निधन के बाद उनके परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर कंपनी गेट पर करीब पांच दिनों तक प्रदर्शन और हंगामा चला था. इस दौरान कंपनी के पांच प्रमुख गेटों पर आवागमन प्रभावित हुआ था. इसमामले में नामजद आरोपियों में बंटी सिंह, भीम कामत, अनिल कुमार, जय प्रकाश सिंह, प्रेम कुमार, बिट्टू सिंह, कल्लू रजक, धीरज वर्मा, गुरविंदर सिंह उर्फ राजा दूबे, अप्पू तिवारी, सन्नी ठाकुर, अविनाश झा उर्फ गबरू, निखिल राज, बृजानंद पाठक, जय राम सेरेंग, पिंकी सिंह और संगीता कुमारी सहित अन्य शामिल हैं. पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है.














