जमशेदपुर: ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन की जमशेदपुर शहरी जिला कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को जमशेदपुर परिसदन में जिला अध्यक्ष विनोद सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई. बैठक में नवगठित जिला कमेटी के पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया. वहीं, सिमडेगा के पत्रकार अभिषेक भारती के साथ कथित पुलिसिया अत्याचार, पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने तथा पत्रकारिता जगत में फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार जैसे गंभीर मुद्दों पर व्यापक और सार्थक चर्चा हुई.बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने एक स्वर में पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई और उनके साथ किए जा रहे कथित अमानवीय व्यवहार की कड़ी निंदा की. इस मामले में विरोध दर्ज कराने के लिए सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि एक दिसंबर 2026, मंगलवार को जमशेदपुर के सभी पत्रकार काला बिल्ला लगाकर अपने-अपने कार्यक्षेत्र में काम करेंगे. इसके माध्यम से अभिषेक भारती के समर्थन में सांकेतिक विरोध दर्ज कराया जाएगा. एसोसिएशन की ओर से शहर के सभी पत्रकार संगठनों से भी अपील की गई कि वे अपने सदस्यों के साथ इस विरोध कार्यक्रम में शामिल हों.(नीचे भी पढ़े)
इसके अलावा, दो दिसंबर को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम उपायुक्त के माध्यम से एक ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया. ज्ञापन में पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी और उनके साथ कथित प्रताड़ना के मामले में कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की जाएगी.बैठक में पत्रकार सुरक्षा विधेयक को झारखंड में जल्द से जल्द लागू कराने के लिए राज्य सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई. वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की मजबूती के लिए पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और स्वतंत्रता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है.बैठक में पत्रकारिता जगत में असली और नकली पत्रकार के नाम पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा कथित तौर पर फैलाए जा रहे भ्रम और अफवाहों पर भी गंभीर चर्चा हुई. पत्रकारों ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों का उद्देश्य पत्रकारों के बीच आपसी मतभेद पैदा करना और उन्हें एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा करना है. इस प्रवृत्ति को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए. ऐसे तत्वों को चिह्नित कर उनके भ्रामक प्रचार का लोकतांत्रिक तरीके से पुरजोर विरोध करने पर सहमति बनी. बैठक में पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय, सहयोग और एकजुटता को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया. वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में एक-दूसरे की मदद करना और संकट के समय साथ खड़ा होना संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए. इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार नागेंद्र शर्मा और वरिष्ठ पत्रकार नागेंद्र कुमार को उपस्थित पत्रकारों ने सम्मानित करते हुए उनके पत्रकारिता अनुभव और योगदान के प्रति आदर व्यक्त किया..(नीचे भी पढ़े)
बैठक में सौ से अधिक पत्रकारों की उपस्थिति रही. पत्रकारों की संख्या इतनी अधिक थी कि सभागार में बैठने की जगह भी कम पड़ गई. खास बात यह रही कि सभी पत्रकारों ने खुले मन से अपनी बातें रखीं और एक-एक विषय पर विस्तार से चर्चा के बाद सामूहिक निष्कर्ष निकाला.बैठक के दौरान कुछ लोगों द्वारा पत्रकारों की संख्या और एकजुटता को लेकर की जाने वाली अपमानजनक टिप्पणियों पर भी नाराजगी जाहिर की गई. पत्रकारों ने कहा कि पत्रकारिता जगत के सम्मान और स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने वाली ऐसी टिप्पणियों का एकजुट होकर विरोध किया जाना चाहिए.बैठक में उपस्थित पत्रकारों के बीच इस बात को लेकर संतुष्टि दिखाई दी कि लंबे समय बाद पत्रकारों को अपने मुद्दों पर खुलकर चर्चा करने, अपनी बात रखने और सामूहिक निर्णय लेने का एक साझा मंच मिला है. कई पत्रकारों ने इसे पत्रकारों की अपनी संसद जैसा मंच बताते हुए इस पहल को सकारात्मक और ऐतिहासिक बताया.बैठक में मुख्य रूप से नागेंद्र शर्मा, अमिताभ वर्मा, देवेंद्र सिंह, शिवरंजन मुखर्जी, ब्रिजराज सिंह, विनोद सिंह, आशीष गुप्ता, संतोष कुमार, अमन कुमार उपाध्याय, मनी पांडे, प्रतीक राज, अमन सिंह, नितेश सिंह, मोहम्मद कलीम, राजेश पांडे, दिनेश कुमार श्रीवास्तव, राकेश कुमार मौर्या, अनिल कुमार मौर्या, चंदन डे, चिंटू सिंह, सोमनाथ पात्रा, मनोज शर्मा, नागेंद्र कुमार, जफर इमाम, विनाश शर्मा, मनीष सिन्हा, अभिषेक सिन्हा और आकाश कुमार सहित सौ से अधिक पत्रकार उपस्थित थे.आज की बैठक में जिला कमिटी के सदस्यों के अलावा सलाहकार के रूप में समाजसेवी परशुराम सिंह बागी, सौरव विष्णु और संरक्षक बंटी सिंह की विशेष उपस्थिति रही. सभी पत्रकारों के सामूहिक सहयोग से बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई.











