
जमशेदपुर : तीन दिन ब्लॉक क्लोजर समेत चार दिनों के बंदी के बाद बुधवार को टाटा मोटर्स कंपनी खुल गई. कंपनी खुलते ही सामान्य कामकाज शुरू हो गया. कंपनी के अंदर तथा गेट के बाहर रौनक रही, परंतु गुरुवार से फिर कंपनी 4 दिनों के लिए बंद हो जाएगी. उत्पादन ठप रहेगा. कंपनी प्रबंधन 31 अक्टूबर से लेकर 2 नवंबर तक ब्लॉक क्लोजर की घोषणा कर चुकी है. 3 नवंबर को रविवार, सार्वजनिक अवकाश रहेगा. कंपनी दोबारा 4 अक्टूबर, सोमवार को खुलेगी. यानी कंपनी एक बार फिर 3 दिनों के ब्लॉक क्लोजर में रहेगी. 31 अक्टूबर से 3 नवंबर तक ब्लॉक क्लोजर होने के बाद इसकी संख्या 38 दिन जाएगी. हालांकि कुछ विभागों में 36 तथा कहीं 37 दिन ही ब्लॉक क्लोजर के दिन हुए हैं. जबकि एक वित्तीय वर्ष में कंपनी 39 दिन ही ब्लॉक क्लोजर ले सकती है. हालांकि ब्लॉक क्लोजर के दिन को बढ़ाने की कवायद शुरू हो चुकी है. प्रबंधन और यूनियन के बीच बैठक कर इसे विस्तार देने पर जल्द सहमति बन सकती हैं.
अगले माह 2000 वाहनों का लक्ष्य
टाटा मोटर्स जमशेदपुर यूनिट में अगले माह नवंबर में करीब 2000 वाहन निर्माण का लक्ष्य रखा गया है. यानी अक्टूबर माह खत्म हो रहा है. उसी तरह नवंबर भी भयंकर मंदी की चपेट में रहेगा. दो हजार वाहन निर्माण में करीब 10 दिनों का समय लगेगा. यानी अगले माह भी टाटा मोटर्स में 10 से 12 दिन का ही यह उत्पादन लक्ष्य हासिल कर लेगा. इसका मतलब यह हुआ कि नवंबर माह में भी अक्टूबर से ज्यादा ब्लॉक क्लोजर की संख्या हो सकती है. कुल मिलाकर कहें इसका खामियाजा कंपनी के अस्थाई व स्थाई कर्मचारियों को ही भुगतना पड़ेगा.




