
जमशेदपुर : टाटा स्टील की अधीकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन के चुनाव की डुगडुगी बज गयी है. सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे यूनियन के सारे 11 पदाधिकारियों की बैठक हुई. यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद ने यह मीटिंग बुलायी, जिसमें महामंत्री सतीश सिंह और डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय समेत तमाम 11 पदाधिकारी मौजूद थे. इस बैठक के दौरान सबसे पहले अध्यक्ष आर रवि प्रसाद ने घोषणा की कि अब उन सारे लोगों का कार्यकाल समाप्त होने को है. 26 दिसंबर 2020 से 26 फरवरी 2021 के बीच संविधान के मुताबिक, चुनाव करा लेना है. इस कारण इसकी प्रक्रिया को अब शुरू किया जाना चाहिए. चुनाव कराने के लिए सबकी रजामंदी है या नहीं, यह अध्यक्ष ने पूछा. इस पर महामंत्री सतीश सिंह ने कहा कि वे लोग तैयार है. इसके बाद डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय ने भी अपनी सहमति दी. इसके बाद बारी-बारी से सारे पदाधिकारियों ने कहा कि वे लोग चुनाव कराने के लिए पूरी तरह तैयार है. पहली बार ऐसा हुआ कि सारे 11 पदाधिकारियों ने चुनाव के मुद्दे पर अपनी रजामंदी दे दी और सारे पदाधिकारियों की हरी झंडी मिलने पर महामंत्री सतीश सिंह ने कहा कि चुनाव कराया जायेगा, लेकिन यह ध्यान रहे कि सारे 11 लोग एक साथ रहे है और एक साथ चले है, इस कारण ऐसा कोई बयानबाजी नहीं किया जाये, जिससे मर्यादा तार तार हो, जिसका समर्थन सारे लोगों ने किया. सहायक सचिव नितेश राज ने कहा कि सोमवार को तमाम 11 यूनियन पदाधिकारियों द्वारा एक साथ चुनाव की घोषणा करना काफी सुखद है. श्री नितेश ने कहा कि वे जब से यूनियन में है, पिछले चार चुनाव से कभी भी यूनियन के तमाम पदाधिकारी एक साथ बैठकर चुनाव में जाने का निर्णय नहीं ले पाते थे. इसके लिए यूनियन की तमाम पदाधिकारियों का टीम बधाई का पात्र है और निश्चय ही इससे कर्मचारी हित में एक मजबूत यूनियन का निर्माण होगा. इस दौरान तय किया गया कि यूनियन का चुनाव के पहले वे लोग पहले रिटर्निंग ऑफिसर का चुनाव कराने के लिए कमेटी मीटिंग इस सप्ताह में ही बुला लेंगे. इस मीटिंग के बाद दूसरी कमेटी मीटिंग होगी, जिसमें चुनाव कराने की घोषणा के कमेटी मीटिंग के मिनट्स को कंफर्म किया जायेगा. इसके बाद जमशेदपुर के उपश्रमायुक्त (डीएलसी) को यह कहा जायेगा कि श्रम विभाग से एक पर्यवेक्षक को तैनात किया जाये. पर्यवेक्षक श्रम विभाग का होगा, जिसकी देखरेख में पहले रिटर्निंग ऑफिसर के लिए मतदान कराया जायेगा, जो टाटा वर्कर्स यूनियन परिसर में होगा. प्रशासनिक मंजूरी लेने के बाद ही इसका चुनाव कराया जायेगा. इसके बाद पूरे यूनियन का सारा कामकाज का जिम्मा फिर रिटर्निंग ऑफिसर और चुनाव समिति के हाथों हो जायेगी, जिसके बाद मैनेजमेंट के साथ बातचीत कर रिटर्निंग ऑफिसर और चुनाव समिति के सारे सदस्य चुनाव कराने पर फैसला ले लेंगे. हर हाल में 26 फरवरी तक चुनाव हो जायेगा और कोशिश तो यह होगी कि एक फरवरी 2021 से आर रवि प्रसाद रिटायर होने वाले है, ऐसे में जनवरी माह में ही चुनाव करा लिया जाये. वैसे खुद आर रवि प्रसाद खुद इस बार के चुनाव में हिस्सा लेना नहीं चाहते है.














