
जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन के चुनाव को लेकर बुधवार को बुलायी गयी कमेटी मीटिंग के मिनट्स को शुक्रवार को कंफर्म (संपुष्टि) कर दिया गया. शुक्रवार को करीब 15 मिनट की बैठक में दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि दी गयी और पिछले मीटिंग की कार्यवाही को पढ़कर सुनाया गया, जिसमें सारे लोगों ने चुनाव कराने को मंजूरी दे दी. ध्वनिमत से पहली बार सभी लोगों ने चुनाव जल्द कराने के लिए अपनी मंजूरी दे दी. करीब 15 मिनट की इस बैठक के दौरान विपक्ष के नेता संजीव चौधरी टुन्नु के नेतृत्व में सदन में अध्यक्ष आर रवि प्रसाद और सत्ताधारी लोगों को कहा कि जल्द से जल्द चुनाव की तिथि की घोषणा इसी मंच से कर दिया जाये ताकि चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दिया जाये. इस दौरान सरोज सिंह ने कहा कि अध्यक्ष तत्काल आरओ की घोषणा करें. इस पर अध्यक्ष ने कहा कि जल्द ही वे तिथियों की घोषणा कर देंगे और पूरा शिड्यूल जारी कर देंगे. इस पर कमेटी मेंबर सरोज सिंह ने चुटकी ली कि आप सिर्फ रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) के चुनाव की तिथियों की घोषणा कर सकते है. आप समझिये कि आप अब चुनाव में तब आयेंगे, जब चुनाव जीतकर आयेंगे. इस पर सभी ने अध्यक्ष को तत्काल चुनाव की घोषणा करने की मांग रखी. विपक्ष इस दौरान हमलावर नजर आया. इसके बाद अध्यक्ष ने कहा कि जल्द से जल्द घोषणा कर दी जायेगी. वैसे अध्यक्ष आर रवि प्रसाद पहले ही बोल चुके है कि उनकी कोशिश होगी कि हर हाल में मकर संक्रांति के पहले चुनाव की घोषणा कर दी जायेगी. इसको लेकर वे लोग पूरी तरह तैयार है. तिथियों की घोषणा कर दी जायेगी. इस बैठक में अध्यक्ष के अलावा महामंत्री सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय समेत तमाम पदाधिकारी और कमेटी मेंबर उपस्थित थे.
कमेटी मीटिंग के बाद भ्रष्टाचारमुक्त यूनियन का लगा नारा
कमेटी मीटिंग के बाद बाहर में भ्रष्टाचारमुक्त यूनियन का नारा लगाया गया. इसकी अगुवाई एलडी-2 के कमेटी मेंबर सुभाष द्वारा किया जा रहा था. सारे लोगों ने जमकर नारेबाजी की. भ्रष्टाचारमुक्त यूनियन के लिए बैनर और पोस्टर के साथ लोगों ने प्रदर्शन किया. इस दौरान भ्रष्टाचार, जातिवाद, भेदभाव का भी विरोध किया. सुभाष ने कहा कि वे चाहते है कि सिर्फ मजदूर धर्म का पालन किया जाना चाहिए. इस दौरान कमेटी मेंबर जोगिंदर सिंह जोगी, संतोष पांडेय समेत अन्य लोग मौजूद थे.
सत्ता पक्ष और विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन शुक्रवार को, तैयारियां तेज
टाटा वर्कर्स यूनियन के सत्ता पक्ष और विपक्ष के लिए शुक्रवार का दिन काफी महत्वपूर्ण है. शुक्रवार को यूनियन के सत्ता पक्ष की मीटिंग साकची स्थित स्टील क्लब हाऊस में आयोजित की गयी है. इस मीटिंग में सत्ता पक्ष रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) के प्रत्याशी की घोषणा करेगी. इसके साथ ही चुनाव समिति के छह सदस्यों के लिए उम्मीदवारों की भी घोषणा हो सकेगी. चुनाव समिति के उम्मीदवारों की घोषणा विपक्ष भी शुक्रवार को कर सकता है. बिष्टुपुर ओ रोड में इसको लेकर विपक्ष की भी बैठक होगी. सत्ता पक्ष और विपक्ष का समय भी शाम सात बजे से ही रखा गया है. इसको लेकर तैयारी की गयी है. वैसे विपक्ष के संजीव चौधरी टुन्नू और सतीश सिंह की टीम ने अपने आरओ के प्रत्याशी की घोषणा कर दी है, जिसके तहत संतोष सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है.






