
जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन के चुनाव को लेकर कमेटी मेंबरों की रजामंदी मिलने के बाद टाटा वर्कर्स यूनियन के रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) का चुनाव 13 जनवरी को कराने का फैसला लिया गया है. टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद और महामंत्री सतीश सिंह के बीच शुक्रवार को कमेटी मीटिंग के बाद शाम के वक्त मीटिंग हुई. इसमें चुनाव की तिथियों को लेकर चर्चा की गयी. इसमें तय किया गया कि 13 जनवरी को रिटर्निंग ऑफिसर का चुनाव कराया जायेगा. यह चुनाव टाटा स्टील कंपनी परिसर स्थित स्टीलेनियम हॉल में आयोजित होगा. रिटर्निंग ऑफिसर के साथ छह सदस्यीय चुनाव समिति के सदस्यों का भी चुनाव होगा. इस चुनाव के बाद आरओ और चुनाव समिति के सदस्य सारे चुनाव का कार्यक्रम और सारी प्रक्रिया को पूर्ण करायेगी. 13 जनवरी को आरओ और छह सदस्यीय सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया सुबह नौ बजे से शुरू होगी. उसी दिन मतगणना होगी और उसी दिन मतदान का रिजल्ट भी जारी हो जायेगा. सुबह नौ बजे से होने वाले इस चुनाव के दौरान नामांकन से लेकर सारी प्रक्रिया श्रम विभाग की देखरेख में होगी. श्रम विभाग को इसके लिए पत्र भेजा गया है. पर्यवेक्षण श्रम विभाग की देखरेख में होगा. इसके लिए श्रम विभाग से अधिकारी को तैनात करने की मांग की गयी है. श्रम विभाग की देखरेख में चुनाव कराने के बाद सारी प्रक्रिया का आयोजित की जायेगी. रिटर्निंग ऑफिसर के लिए यूनियन के विपक्ष ने संतोष सिंह को उम्मीदवार बनाया है जबकि शुक्रवार की शाम 7 बजे इनकी मीटिंग होगी, जिसमें चुनाव समिति के सदस्यों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की जायेगी. सत्ता पक्ष यानी आर रवि प्रसाद, शहनवाज आलम, अरविंद पांडेय और शैलेश सिंह का गुट भी शुक्रवार की रात 8 बजे तक रिटर्निंग ऑफिसर के साथ साथ चुनाव समिति के छह सदस्यों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा करने वाली है.







