
जमशेदपुर : भारतीय जनता युवा मोरचा के गोलमुरी मंडल अध्यक्ष अमीस अग्रवाल को गोलमुरी थाना के थाना प्रभारी द्वारा जमकर पिटाई कर दी गयी. थाना में हुई इस पिटाई के खिलाफ भाजपाइयों ने जमकर हंगामा किया. भाजपा की ओर से यह मांग की जा रही है कि दोषी थानेदार पर तत्काल कार्रवाई की जाये. इसको लेकर भाजपाइयों का हंगामा समाचार लिखे जाने तक जारी था. भाजपाई नारेबाजी कर रहे थे.

बताया जाता है कि गोलमुरी भाजयुमो मंडल अध्यक्ष अमीस अग्रवाल ने बजरंग नगर गोलमुरी में हो रहे अतिक्रमण की शिकायत गोलमुरी थाना प्रभारी रणविजय शर्मा से की थी. इस पर थानेदार ने उनको थाना पर बुलाया था. थाना पहुंचने पर भाजयुमो मंडल अध्यक्ष अमीस अग्रवाल ने अतिक्रमण की शिकायत फिर से थानेदार से कर दी. इसके बाद अचानक से थाना प्रभारी गुस्से से अपनी कुर्सी पर से उठे और उनकी बेतरह पिटाई कर दी. पिटाई करते हुए उसको चेंबर से बाहर निकालकर फेंक दिया. इसके बाद अमीस अग्रवाल ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को सारे हालात की जानकारी दी, जिससे गुस्साएं भाजपाइयों ने गोलमुरी थाना में ही धरना पर बैठ गये और थानेदार को हटाने की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे. अगर समय रहते थाना प्रभारी पर कोई कार्रवाई नहीं की गयी तो शुक्रवार को सारे लोग मुख्यमंत्री रघुवर दास से मिलकर इसकी कार्रवाई करने की मांग करेंगे क्योंकि इसी क्षेत्र के विधायक भी मुख्यमंत्री रघुवर दास ही है.



