चाकुलिया : बहरागोड़ा के विधायक समीर मोहंती ने केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम स्थित विश्वप्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर में भगवान विष्णु के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की. इस दौरान उन्होंने भगवान श्री पद्मनाभ स्वामी से क्षेत्रवासियों के लिए सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की. श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर भारत के प्रमुख वैष्णव मंदिरों में से एक है. भगवान विष्णु को समर्पित यह मंदिर अपनी प्राचीन धार्मिक मान्यताओं, ऐतिहासिक विरासत और अद्भुत द्रविड़ स्थापत्य कला के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है. मंदिर का पुनर्निर्माण वर्ष 1733 में त्रावणकोर के महाराजा मार्तंड वर्मा द्वारा करवाया गया था. (नीचे भी पढ़ें)
मंदिर में दर्शन के पश्चात विधायक समीर मोहंती ने इस आध्यात्मिक अनुभव को सौभाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि भगवान श्री पद्मनाभ स्वामी का आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए सुखद एवं अविस्मरणीय क्षण है. उन्होंने प्रार्थना की कि भगवान का आशीर्वाद सभी के जीवन में सुख, शांति और खुशहाली लेकर आए.












