
Chakuliya : बहरागोड़ा विधान सभा क्षेत्र में एक मयान में तीन तलवार कहावत जैसी स्थिती उत्पन्न हो गयी है. बहरागोड़ा विस क्षेत्र के तीनों प्रबल दावेदार नेता अपने-अपने अंदाज में पार्टी का टिकट पाने के लिए प्रयासरत हैं. गुरुवार को चाकुलिया प्रखंड में झामुमो से भाजपा में शामिल होने के पश्चात पहली बार चाकुलिया पहुंचने पर विधायक कुणाल षाडंगी ने अपने स्वागत समारोह में जबरदस्त उपस्थिति दर्ज करायी है. स्वागत समारोह में प्रखंड के विभिन्न गांवों से हजारों समर्थक अपनी-अपनी बाइक पर सवार होकर चाकुलिया पहुंचे और बाइक रैली में शामिल हुए. बाइक रैली चौठिया से शुरू हुई और चाकुलिया के पुरानाबाजार स्थित बिरसा मुंडा चौक पहुंचकर संपन्न हुई. रैली में शामिल कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी और नारा लगाया. विधायक कुणाल षाड़गी ने बहरागोड़ा और चाकुलिया में भाजपा में शामिल होने के बाद अपनी ताकत को दिखाते हुए मजबूत उपस्थिति दर्ज करवायी है. अब देखना यह है कि पार्टी से टिकट के दावेदार भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी और समीर महंती कुणाल के नहले पर दहला किस अंदाज में जबाब देते हैं. लोगों में चर्चा यह है की एक मयान मै तीन तलवार की तर्ज पर पार्टी के तीनों नेता एक ही पार्टी में है. अब पार्टी किसे टिकट देकर बहरागोड़ा विस क्षेत्र से अपना उम्मीदवार बनाती है, इसे लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है.




