देवघर से ऋतुराज
देवघर : देवघर में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे पांच अपराधियों को गिरफ्तार करने में देवघर पुलिस को बड़ी सफलता पायी है. देवघर जिले के पालोजोरी थाना अंतर्गत भुरकुंडी के पास ये अपराधी हरवे-हथियार से लैश होकर लूट की बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे. पूरी जानकारी देते हुए देवघर के एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा ने बताया कि इसकी गुप्त सूचना के आधार पर पालोजोरी, चितरा, सारठ और खागा थाना को अलर्ट कर छापेमारी की गई, जिसमें सभी पांचों अपराधी को गिरफ्तार करने में पुलिस को कामयाबी मिली है. इनके पास से पुलिस ने एक देशी पिस्तौल, एक गोली, तीन चाकू, पांच मोबाइल, विदेशी शराब की बोतल, तीन मोटरसाइकिल, एक लाठी और 36 हज़ार 450 रुपये नकद बरामद किए हैं. इनके द्वारा हाइवे पर गाड़ियों से लूटपाट की घटना को अंजाम की योजना बनाई जा रही थी. इसी बीच पुलिस ने तत्काल उनको गिरफ्तार कर लिया. सभी गिरफ्तार अपराधियों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने की कोशिश की जा रही है.








