
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में आज से राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण के तहत फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ. राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता को उनके आवास पर जाकर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डीईसी व अल्बेंडाजोल का टैबलेट देकर अभियान का शुभारंभ किया. मौके पर मंत्री के परिवार के सदस्य तथा उपस्थित अन्य लोगों को भी डीईसी व अल्बेंडाजोल की गोली उपलब्ध कराई गई. मंत्री ने अभियान की सफलता के लिए शुभकामनायें देते हुए कहा कि समस्त जिलेवासियों तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए इस अभियान से उन्हें लाभान्वित करें ताकि पूर्वी सिंहभूम जिला एवं राज्य फाइलेरिया मुक्त रहे. गौरतलब है कि 10 से 20 अगस्त 2020 तक फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के अंतर्गत सर्वजन दवा सेवन (एमडीए ) कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिसमें तीन दिन चिन्हित बूथ तथा तीन दिन घर-घर जाकर लोगों को डीईसी व अल्बेंडाजोल की दवा उपलब्ध कराई जाएगी. वहीं कोविड-19 के मद्देनजर कंटेन्मेंट जोन में दवा का वितरण नहीं किया जाएगा. सिविल सर्जन डॉ. आर एन झा ने कहा कि दवा वितरण के दौरान कोविड-19 को लेकर सभी आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय अपनाते हुए दवा वितरण टीम द्वारा लोगों को दवा उपलब्ध कराई जाएगी. इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. आर. एन झा, डॉ. मीना कालुंडिया, डॉ. बी.एन उषा , डॉ. सरौली जमानिया, डॉ. जमील, प्रोग्राम मैनेजर विनय कुमार, वित्तीय प्रबंधक सुबोध कुमार चौधरी, वीबीडी कार्यालय की फाइनेंस लॉजिस्टिक असिस्टेंट अनु कुमारी, जिला वीबीडी सलाहकार गीतांजलि शर्मा आदि उपस्थित रहे.







