अभय तिवारी / गढ़वा : स्मार्टफोन के युग में आजकल सभी पर वायरल होने का फितूर सवार हो गया है। इससे सबसे ज्यादा ग्रसित युवा वर्ग है, जो पार्क, बाजार, रेलवे स्टेशन या मंदिर जहां जगह मिल जाए वहीं रील्स बनाना शुरू कर देता है। लेकिन झारखंड के गढ़वा जिले में ये शौक 7 बच्चों पर इतना भारी पड़ रहा है कि नौबत स्कूल से नाम कटने तक की आ गई है। (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
इस विडियो को देखकर शायद आपको कुछ अजीब न लग रहा हो, क्योंकि आजकल सोशल मीडिया पर इस तरह के विडियोज की लगभग बाढ़ सी आई हुई है लेकिन इसमें कुछ अलग है, तो वो है इस वीडियो को शूट करने का स्थान, जो झारखंड के गढ़वा जिले के गोविंद हाई स्कूल का एक क्लासरूम है। बस बच्चों की इसी गलती ने स्कूल से उनका नाम काटने के नौबत तक पहुंचा दिया है। (नीचे भी पढ़ें और वीडिये देखें)
बात केवल इस वीडियो तक की ही होती तो शायद स्कूल भी इतना सख्त नहीं होता। दरअसल हुआ ये कि जब इन छात्रों का वीडियो वायरल हुआ तो उसके साथ ही कुछ और इसी तरह के वीडियो भी वायरल होने लगे, जिसमें लड़की भी डांस करती दिख रही है। लड़की का वीडियो आते ही बात जंगल में आग की तरह फैल गई और स्कूल प्रबंधन पर उंगलियां उठने लगी। तब स्कूल के पास भी अपनी साख बचाने के लिए कार्रवाई के अलावा और कोई रास्ता नहीं बचा। स्कूल के प्रभारी प्राचार्य ध्रुव कुमार झा ने कहा कि छात्रों ने क्लास में इस तरह का वीडियो बनाकर निःसंदेह गलती की है। इसके लिए उन्हें तीन दिन के लिए निलंबित किया गया था। आज छात्रों के अभिभावकों ने आकर अपने बच्चों की गलती स्वीकारी। अभिभावकों और एसएमसी के साथ बैठक भी हुई है, जिसमें बच्चों के भविष्य को देखते हुए एक मौका देने का प्रस्ताव आया है। उसके अनुसार अपने उच्च अधिकारी को प्रस्ताव भेज रहा हूं।




