
घाटशिला : झामुमो की बदलाव यात्रा का संदेश लोगों तक पहुंचाने के लिए मोर्चा के जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधायक रामदास सोरेन ने अपने समर्थकों के साथ घाटशिला प्रखंड के दामपाड़ा गांव में दौरा किया. झामुमो केंद्रीय सदस्य कान्हू सामंत, जिला पार्षद बाघराय मार्डी, जिला उपाध्यक्ष सागेन पुर्ती, झामुमो नेता दुर्गा मुर्मू, दामपाडा क्षेत्रीय अध्यक्ष भरत मुर्मू समेत भारी संख्या में ग्रामीण पुरुष और महिला समर्थक पदयात्रा में शामिल हुए. रामदास सोरेन के नेतृत्व में पदयात्रा हुरलुंग चौक से गोंधोनिया, बांधडीह, काडाढुबा होते हुए डांग कमलपुर शिरीष बोनी गांव पहुंच कर जन चौपाल में तब्दील हुई, जहां नेताओं ने लोगों की समास्याओं को सुना. जन चौपाल में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक रामदास सोरेन ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में झामुमो कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार बनी तो पांच लाख युवाओं को नौकरी मिलेगी. भाजपा की रघुवर सरकार के शासनकाल में आदिवासी मूलवासी व अल्पसंख्यकों का भला होने वाला नहीं है. भाजपा के के शासनकाल में जायज मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन व भूख हड़ताल करने वाली सेविका व सहायिकाओं पर पुरूष पुलिस द्वारा बर्बरता पूर्वक लाठीचार्ज की जाती है. नौकरी की तलाश में कई हजार बेरोजगार युवक दूसरे राज्य में पलायन कर रहे हैं. जिला के 350 विद्यालय विलय के नाम पर बंद कर दिये गये हैं. दूसरे राज्य में उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले छात्रों की स्कॉलरशिप राज्य सरकार द्वारा बंद कर दी गयी. छात्रो द्वारा फीस नहीं जमा कर पाने के कारण छात्रों का सर्टिफिकेट जब्त कर लिया गया, जिससे सभी छात्रों का भविष्य अंधकारमय हो गया है. इसीलिए रघुवर सरकार को बदलना है और भाजपा को आगामी विधानसभा चुनाव में हराने के लिए झामुमो को वोट दें. ताकि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार बने और क्षेत्र के लोगों का सर्वांगीण विकास हो सके.



