जमशेदपुर : जमशेदपुर अभिभावक संघ की ओर से सोमवार को एक रैली निकाली गयी. यह रैली कीनन स्टेडियम के पास से आरंभ हुई, जो उपायुक्त कार्यालय तक पहुंची. रैली व इस कार्यक्रम का नेतृत्व संघ के अध्यक्ष डॉ उमेश कुमार ने किया. उपायुक्त कार्यालय के समक्ष रैली में शामिल अभिभाकों ने प्रदर्शन किया. इसके साथ ही उपायुक्त कार्यालय में एक ज्ञापन सौंपा गया. इसके माध्यम से शिक्षा का अधिकार अधिनियम और नयी शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों का हवाला देते हुए शहर के प्राइवेट स्कूलों में कमजोर एवं अभिवंचित वर्ग के बच्चों की नौवीं से 12वीं कक्षा तक निःशुल्क शिक्षा की व्यवस्था करने की मांग की गयी. (नीचे भी पढ़ें)
डॉ उमेश कुमार ने बताया कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 लागू होने के बाद सत्र 2011-12 में इस अधिनियम के तहत कमजोर एवं अभिवंचित वर्ग के परिवारों के बच्चों का प्राइवेट स्कूलों की प्रवेश कक्षाओं में हुआ था. आज वे बच्चे आठवीं कक्षा उत्तीर्ण होकर नौवीं कक्षा में जाने को तैयार हैं. लेकिन अभी भी उनके घर की माली हालत ठीक नहीं है. ऐसे में उसी स्कूल में उनकी आगे की पढ़ाई जारी रहे, उस उद्देश्य से ऐसे बच्चों के लिए नौवीं से 12वीं तक निःशुल्क शिक्षा की व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही है. उन्होंने बताया कि नयी शिक्षा नीति-2020 में भी इससे संबंधित प्रावधान किया गया है. इस दौरान शहर के विभिन्न स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावक उपस्थित थे.



