जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका कमलपुर थाना क्षेत्र के पटमदा-काटिन मुख्य सड़क पर दगड़ीगोड़ा मोड़ के पास गुरुवार को दोपहर तेज रफ्तार एक बाइक स्प्लेंडर एक टेंपो से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इससे उस पर सवार पटमदा थाना क्षेत्र के बिड़रा गांव निवासी विकास महतो 22 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया. उसके सिर पर गंभीर चोट लगी. सूचना पाकर पहुंचे थाना प्रभारी पुरुषोत्तम कुमार राय ने उसे उठाकर थाने की जीप से ही माचा स्थित सीएचसी अस्पताल पहुंचाया. इधर यहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. सौरव मल्लिक ने प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत उसे टीएमएच रेफर कर दिया. अस्पताल में उसका इलाज जारी है और हालत नाजुक बताई जा रही है. स्थानीय लोगों के मुताबिक विकास महतो मूल रूप से सुंदरपुर काशीडीह टोला का निवासी है और उसका पूरा परिवार नाना के घर बिड़रा (डांगा) में ही रहता है. (नीचे भी पढ़ें)
वह टाटा स्टील में ठेका मजदूर के रूप में कार्य करता है जबकि उसके पिता जलेश्वर महतो खेतीबाड़ी करते हैं. वह नशे की हालत में होने की वजह से मुख्य सड़क पर बनी ब्रेकर में नियंत्रण खो दिया और हवा में उछलते हुए एक टेंपो से टकरा गया. घटना के बाद टेम्पो लेकर चालक फरार हो गया है. लोगों का कहना है कि टेंपो चालक किसी टेंट हाउस के लिए बांस लेने आया था और उसकी गाड़ी खड़ी थी. थाना प्रभारी के मुताबिक घटना की छानबीन करते हुए दुर्घटना में शामिल वाहन का पता लगाया जा रहा है.




