जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना अंतर्गत घोड़ाबांधा चौक पर रविवार देर शाम तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. दो बाइक के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए.मृतक की पहचान शेषनगर निवासी नितिन कुमार मिश्रा के रूप में हुई है. वहीं एलआईजी शिव मंदिर के पास रहने वाला धीरज ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गया. उसका इलाज टीएमएच में चल रहा है.(नीचे भी पढ़े)
जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 7 बजे घोड़ाबांधा चौक के पास दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं. इसी दौरान दोनों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के समय जोरदार आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे. दोनों युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल पड़े थे. घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. (नीचे भी पढ़े)
थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को पहले टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को टीएमएच रेफर कर दिया गया.टीएमएच में चिकित्सकों ने जांच के बाद नितिन कुमार मिश्रा को मृत घोषित कर दिया, जबकि धीरज ठाकुर का इलाज जारी है.सोमवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया. घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.








