
जमशेदपुर : जमशेदपुर में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है. वैसे कोरोना की रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है. जिले के उपायुक्त सहित तमाम पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी लगातार अलग-अलग इलाकों में घूम- घूम कर लोगों से घरों से कम से कम बाहर निकलने की अपील कर रहे हैं. इधर बुधवार देर शाम जिले के उपायुक्त सहित पुलिस एवं प्रशासन के आला अधिकारी सरायकेला और जमशेदपुर जिला को जोड़ने वाली खरकई चेक पोस्ट पहुंचे. जहां खुद उपायुक्त ने हर आने- जाने वाले लोगों की गतिविधियों को देखा. उपायुक्त ने बगैर मास्क और बिना काम के घरों से बाहर निकलने वाले लोगों को चेतावनी देकर वापस लौटा दिया. वही उपायुक्त ने साफ कर दिया है, कि गुरुवार से चेक पोस्ट पर नियमित जांच की जाएगी. साथ ही जुर्माना भी वसूला जाएगा. आपको बता दें, कि जमशेदपुर में लगातार कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है. जहां संक्रमितों का आंकड़ा लगभग 17 सौ के करीब पहुंच चुका है. इतना ही नहीं हर दिन कोरोना से जिले में मौतें भी हो रही है. ऐसे में जिला प्रशासन लगातार लोगों से कम से कम घरों से निकलने की अपील कर रही है.







