जमशेदपुर : जमशेदपुर के रहने वाले लोगों को 31 जनवरी से कोलकाता और भुवनेश्वर के बीच घरेलू उड़ान की सौगात मिलने जा रही है. कोलकाता और भुवनेश्वर का जमशेदपुर के सोनारी हवाई अड्डे से संपर्क नागरिक उड्डयन मंत्रालय की क्षेत्रीय संपर्क योजना “उड़ान” के तहत किया गया है. इंडिया वन एयर को जमशेदपुर कोलकाता रूट के उड़ानों का आबंटन किया गया है. जमशेदपुर के सोनारी हवाई अड्डे से कोलकाता की हवाई यात्रा 1 घंटे 5 मिनट में तय की जाएंगी. जिसके लिए यात्रियों को 2600 रूपए का भुगतान करना होगा. वहीं भुवनेश्वर की यात्रा 1 घंटे 20 मिनट में तय होगी, पर इस रूट के लिए किराये का निर्धारण अभी तक नहीं किया गया है. जानकारी के अनुसार विमान कंपनी खुद ही इस रूट का किराया तय करेंगी, क्योंकि जमशेदपुर और भुवनेश्वर की हवाई यात्रा “उड़ान” योजना के तहत नहीं है. जमशेदपुर से कोलकाता और भुवनेश्वर जाने वाली विमानों में 9 सीटें होगी. जमशेदपुर कोलकाता एयरलाइन में 70 फीसदी सीटे “उड़ान” योजना के तहत रिजर्व रहेंगी, जिसके किराए का निर्धारण सरकार तय करेंगी. जो फिलहाल के लिए 2600 रुपए तय है. (नीचे भी पढ़ें)
सरकार हर तिमाही में उड़ान के तहत घरेलू उड़ानों की समीक्षा करती है, और किराये को बढ़ा-घटा भी सकती है. बाकी दो सीटों का किराया एयरलाइन कंपनी अपने हिसाब से तय कर सकती है. जमशेदपुर से कोलकाता की फ्लाइट सुबह 8.15 और 10.10 और वापसी सुबह 9.20 और 11.15 को शिड्यूल की गई है. वहीं जमशेदपुर से भुवनेश्वर की फ्लाइट सुबह 6.30 और दोपहर 12.45 और वापसी सुबह 7.50 और दोपहर 2.05 को शिड्यूल है. टाटा स्टील और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने नई दिल्ली में सीएनएस-एटीएम समझौते पर हामी भरी है, जिसके तहत यह हवाई यात्रा शुरू हुई है. इंडिया वन एयर की महाप्रबंधक ने कहा कि केन्द्र सरकार की उड़ान योजना के तहत जमशेदपुर और कोलकाता के बीच नौ सीटों में सात सीटें आरक्षित होगी. दोनों शहरों के बीच की दूरी 233 किलोमीटर है. (नीचे भी पढ़ें)
योजना के तहत इस दूरी के लिए 2600 रुपए तय किया गया है. यह किराया हर तिमाही बदलता है. अन्य सीटों तथा जमशेदपुर भुवनेश्वर रूट का किराया बाजार परिस्थितियों के अनुरूप बाद में तय किया जाएगा. बताते चले कि जमशेदपुर और कोलकाता के बीच आखिरी उड़ान 13 वर्ष पहले 2010 में हुई थी. कारोबारी विजय माल्या की किंगफिशर कंपनी इसका परिचालन कर रही थी. इसके बाद विभिन्न कारणों से जमशेदपुर में कभी भी घरेलू हवाई यात्रा शुरू नहीं हो सकी.




