जमशेदपुर : शहर की प्रतिष्ठित सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था, कदमा आंध्रा एसोसिएशन की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भव्य समारोह आयोजित हो रहा है. इस ऐतिहासिक उपलब्धि को यादगार बनाने के लिए संस्था द्वारा सांस्कृतिक, पारंपरिक और सामाजिक कार्यक्रमों की एक शृंखला आयोजित की जा रही है, जो संस्था की समृद्ध विरासत और समाज के प्रति उसके योगदान को दर्शाएगी. संस्था के शतवार्षिक समारोह की शुरुआत आगामी 19 मार्च (गुरुवार) को “उगादी पंचांग श्रवणम्” से होगी. यह आयोजन कदमा आंध्रा एसोसिएशन परिसर में आयोजित होगा. उगादी, तेलुगु नववर्ष के रूप में मनाया जाता है. इस शुभ अवसर पर पारंपरिक पंचांग श्रवण कराया जाएगा. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में संस्था के ट्रस्टी एम भास्कर राव उपस्थित रहेंगे. कार्यक्रम में तेलुगु समुदाय के सदस्य बड़ी संख्या में भाग लेंगे और नववर्ष के सांस्कृतिक व आध्यात्मिक महत्व को साझा करेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद 22 मार्च 2026 (रविवार) को साकची राजेंद्र विद्यालय ऑडिटोरियम में शाम 6 बजे से “सिने संगीत विभावरी” नामक भव्य संगीत संध्या का आयोजन किया जाएगा. इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध कलाकार बी रमण मूर्ति एवं उनकी टीम (श्रीकाकुलम, आंध्र प्रदेश) अपनी प्रस्तुति देगी. समारोह के मुख्य अतिथि, टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉर्पोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदर रामन होंगे. इस संगीतमय शाम में मधुर गीत-संगीत और सुरों की बेहतरीन प्रस्तुति से दर्शकों को एक यादगार अनुभव मिलेगा. शताब्दी समारोह के अंतर्गत 29 मार्च 2026 (रविवार) को कदमा आंध्रा एसोसिएशन परिसर में शताब्दी स्मारिका का विमोचन किया जाएगा. इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय होंगे. स्मारिका में संस्था के 100 वर्षों के गौरवशाली इतिहास, उपलब्धियों तथा शिक्षा, संस्कृति और समाज सेवा के क्षेत्र में किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
आंध्रा एसोसिएशन पिछले सौ वर्षों से जमशेदपुर में सांस्कृतिक संरक्षण और शैक्षणिक उत्कृष्टता का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है. संस्था ने अपने विभिन्न कार्यक्रमों और पहलों से समाज के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है. इस कार्यक्रम की जानकारी संस्था के महासचिव वाई. के. शर्मा ने दी। इस अवसर पर उपाध्यक्ष वी. श्रीनिवास और बी. बापूजी, कोषाध्यक्ष सी. गणेश राव, सहायक कोषाध्यक्ष आर रवि, संयुक्त सचिव टी अंजी राव, संन्यासी राव और बी. श्रीनिवास राव के साथ-साथ समिति सदस्य एम. कंका राव, बी. रामाराव, आई. श्रीनिवास, वेंकट गिरि और ए. रवि कुमार भी सक्रिय रूप से कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हुए हैं.




