
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा इलाके में एक लड़की को टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास से टेम्पो में अगवा कर ले जाया जा रहा था और उसके साथ चलती ऑटो (टेम्पो) में ही छेड़खानी की जा रही थी. इसका विरोध करती हुई महिला ने हल्ला मचाया, तब लोगों ने उक्त टेम्पो को घेर लिया. सूचना पाते ही मौके पर बर्मामाइंस पुलिस पहुंची और अगवा की जा रही लड़की को बचाया. टेम्पो चालक को पुलिस ने तत्काल गिरफ्तार कर लिया है. बताया जाता है कि बागबेड़ा की रहने वाली लड़की टाटानगर रेलवे स्टेशन से टेम्पो में बैठी.

वह बर्मामाइंस जाना चाह रही थी. ऑटो में बैठने के बाद आगे से एक और लड़का पीछे ही बैठ गया. वह टेम्पो चालक का साथी था. उक्त लड़की को लड़के ने पकड़कर छेड़ना शुरू कर दिया. इस दौरान टेम्पो चालक तेजी से गाड़ी भगा रहा था, लेकिन लड़की हल्ला मचाने लगी, जिसके बाद लोगों ने ऑटो को घेरकर रोक दिया और उसकी पहले पिटाई की. तब तक पुलिस भी पहुंच गयी और लड़की और ऑटो चालक को पकड़ लिया.

पुलिस ऑटो चालक से पूछताछ कर रही है. गिरफ्तार ऑटो चालक गोविंदपुर का रहने वाला गोपी पांडेय है. उसकी भीड़ ने पिटायी भी की. काफी देर के बाद उसको भीड़ से बचाया जा सका. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. इस संबंध में एक एफआइआर दायर किया गया है.



