जमशेदपुर : जमशेदपुर से प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी सावन के पावन माह में बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से नि:शुल्क कांवर यात्रा का आयोजन किया जा रहा है. इस वर्ष 16 जुलाई दिन रविवार को यात्रा मानगो से सुल्तानगंज के लिए प्रस्थान करेगी. वैसे इस साल सोनारी और कदमा के कावंरियों को भी नि:शुल्क ले जाने की तैयारी है. कदमा एवं सोनारी क्षेत्र के कांवरियों के लिए अरविंद महतो को कोऑर्डिनेटर बनाया गया है. इस संबंध में जानकारी देते हुए भाजपा नेता और संघ के संरक्षक विकास सिंह ने बताया कि प्रत्येक वर्ष सोनारी और कदमा के रहने वाले कांवड़िये लगातार कांवर यात्रा में शामिल होने के लिए संपर्क करते थे, लेकिन तैयारी कम रहने के कारण सोनारी- कदमा के लोग वंचित रह जाते थे. इस बार व्यवस्था तीन माह पूर्व से ही बनाई जा रही है जिससे लोगों को असुविधा नहीं होगी. (नीचे भी पढ़ें)
विकास सिंह ने कहा पहले ही जाकर समिति के लोगों द्वारा रास्ते में पड़ने वाले सारे स्थान सुरक्षित कर लिए गए हैं. विकास सिंह ने कहा एक जुलाई से पंजीयन का कार्य आरंभ होगा. पहले आओ पहले पाओ के तर्ज में लोगों का पंजीयन किया जाएगा. पूर्व में बाबा बैधनाथ सेवा संघ की ओर से आयोजित कांवर यात्रा में शामिल लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी. 18 वर्ष से कम आयु एवं 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का पंजीयन नहीं किया जाएगा. कोच बस एवं छोटी गाड़ी के माध्यम से कांवरिया सुल्तानगंज जाएंगे. सेवक बम जिसकी संख्या लगभग डेढ़ सौ के करीब रहेगी वह ट्रेन से सुल्तानगंज जाएंगे. पंजीयन किए गए सारे कांवरियों का ड्रेस कोड और आईडी कार्ड होगा उसी आईडी कार्ड से वाहन एवं धर्मशाला में प्रवेश मिलेगा. डॉक्टर के साथ- साथ इस बार दो नर्सें भी जत्था में में जाएगी जिससे महिला कांवरियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो.



