जमशेदपुर : साकची थानांतर्गत राजेंद्रनगर में अज्ञात चोरों ने एक बड़ी घटना को अंजाम दिया है. चोरों ने बंद घर की खिड़की का ग्रील काट कर 50-60 लाख रुपये नकद और करीब डेढ़ करोड़ रुपये के आभूषणों की चोरी कर ली. यह घटना रविवार को तब प्रकाश में आयी, जब गृहस्वामी अजय मोदी परिजनों के साथ बाहर से लौटे. जानकारी के अनुसार अजय मोदी पिछले 29 सितंबर अपने परिजनों के साथ दिल्ली गये थे. वहां से पूरा परिवार सिंगापुर चला गया. उसके बाद आज सभी यहां लौटे. इस बीच चोरों ने घटना को अंजाम दे दिया. (नीचे भी पढ़ें व वीडियो देखें)
यहां लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के पांच कमरों में पूरा सामान बिखरा पड़ा था. सभी आलमीरा व दराज टूटे हुए थे. इसके बाद घर में रखे सामानों को देखना शुरू किया तो, 50-60 लाख रुपये नकद और करीब डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण गायब थे. इसके बाद उन्होंने स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी. सूचना पाकर पुलिस वहां पहुंची और जांच में जुट गयी है. (नीचे भी पढ़ें)

दूसरी ओर भुक्तभोगी परिवार घटना के पीछे अपने रसोइया का हाथ होने की आशंका जतायी है. बताया जाता है कि रसोइया बहरागोड़ा निवासी है. अजय मोदी व उनके परिजन शहर से बाहर जाते समय रसोइया को छुट्टी पर भेज दिया था. उसका नाम अजय मोदी ने कृष्णा बताया. उन्होंने बताया कि जिस तरह से चोरी हुई है, उससे यह प्रतीत होता है कि चोरों को घर के बारे में समुचित जानकारी थी.






