जमशेदपुर : भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को कांग्रेस पार्टी से किसी प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं है. धर्म, आस्था और सामाजिक सरोकारों के प्रति उनका समर्पण किसी से छिपा नहीं है. पूरा जमशेदपुर उनके व्यक्तित्व, आचरण और धार्मिक आस्था से भली-भांति परिचित है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इस तरह की बयानबाजी उसकी राजनीतिक हताशा, वैचारिक दिवालियापन और मुद्दाविहीन राजनीति को उजागर करती है. (नीचे देखे पूरी खबर)

जनहित के मुद्दों पर अपनी विफलताओं का जवाब देने के बजाय कांग्रेस नेताओं द्वारा अनावश्यक विवाद खड़ा करना उनकी संकीर्ण राजनीतिक सोच को दर्शाता है. जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की शोभायात्रा के दौरान यदि कोई युवक सम्मान प्रकट करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के चरण स्पर्श करता है, तो इसे बेवजह राजनीतिक रंग देना दुर्भाग्यपूर्ण है. भारतीय संस्कृति में बड़ों के प्रति सम्मान प्रकट करना हमारी परंपरा और संस्कारों का अभिन्न हिस्सा है. ऐसे सहज और सम्मानपूर्ण व्यवहार को विवाद का विषय बनाना कांग्रेस की घटिया राजनीति का प्रमाण है. उन्होंने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए धर्म, आस्था और सामाजिक परंपराओं को विवाद में घसीटना बंद करे. जनता सब देख रही है और समय आने पर कांग्रेस की इस नकारात्मक एवं अवसरवादी राजनीति का उचित जवाब देगी.





