जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड समेत पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में मलेरिया एवं ब्रेन मलेरिया के बढ़ते प्रकोप को लेकर भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में सोमवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त राजीव रंजन से मुलाकात उन्हें एक ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में पोटका प्रखंड के नारदा, हरिणा, पोड़ा तेंतला, ग्वालकाटा, भाटिन, गंगाडीह, हेंसाबिल एवं टांगराइन पंचायतों सहित कई गांवों में मलेरिया के तेजी से बढ़ते संक्रमण की चर्चा करते हुए उक्त पंचायतों के अंतर्गत आने वाले गांवों को इससे गंभीर रूप से प्रभावित बताया है, जिससे अब तक दो हजार से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं जबकि बच्चों समेत 7 लोगों की मृत्यु भी हो चुकी है. ज्ञापन में उक्त गांवों से लगातार नए मरीज आने का जिक्र करते हुए संक्रमण पर नियंत्रण नहीं लग पाने की चर्चा करते हुए तत्काल ठोस कार्रवाई नहीं किये जाने पर और अधिक जनहानि होने की आशंका जताई गई है. (नीचे भी पढ़ें)

प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, पोटका की पूर्व विधायक मेनका सरदार, पोटका की पूर्व प्रत्याशी मीरा मुंडा, जिला उपाध्यक्ष संजीव सिंह, बबुआ सिंह, अमरजीत सिंह राजा, जिला महामंत्री राजीव सिंह, जितेंद्र राय, जिला मंत्री तन्मय झा एवं कार्यालय मंत्री संजीत चौरसिया मौजूद रहे. इस दौरान सांसद विद्युत वरण महतो ने उपायुक्त से प्रभावित गांवों में तत्काल विशेष मेडिकल टीम भेजने, पर्याप्त दवाइयों एवं जांच किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने, नियमित फॉगिंग, एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव तथा गंभीर मरीजों के समुचित इलाज की व्यवस्था कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि जन स्वास्थ्य से जुड़े इस गंभीर विषय पर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है. सांसद ने यह भी बताया कि वे स्वयं राहत कार्यों में सहयोग कर रहे हैं और प्रभावित क्षेत्रों के लिए आवश्यक राहत सामग्रियां उपलब्ध कराने के लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से भी आग्रह करेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
पूर्व विधायक मेनका सरदार ने पोटका के गांवों में संक्रमण फैलने की चर्चा करते हुए ऐसे में स्वास्थ्य विभाग को युद्धस्तर पर अभियान चलाने की मांग की, ताकि समय पर जांच एवं उपचार उपलब्ध हो सके और जनहानि को रोका जा सके. पूर्व प्रत्याशी मीरा मुंडा ने स्थानीय ग्रामीणों की समस्याओं एवं क्षेत्र की वास्तविक स्थिति से उपायुक्त को अवगत कराते हुए प्रभावित पंचायतों में स्वास्थ्य शिविर, घर-घर जांच, मच्छरदानी वितरण, जन जागरूकता अभियान तथा गंभीर मरीजों के लिए एम्बुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था करने का सुझाव दिया. उन्होंने पोटका के साथ-साथ बागबेड़ा जैसे शहरी क्षेत्रों में भी तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाने एवं नियमित रूप से एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव, ब्लीचिंग पाउडर का उपयोग एवं फॉगिंग कराने की मांग की, जिससे संक्रमण को फैलने से रोका जा सके.







