जमशेदपुर: जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत अलबेला गार्डन में सोमवार रात चाकूबाजी की घटना से सनसनी फैल गई. घटना में एक युवक घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सूत्रों के अनुसार, सोमवार रात करीब 8:30 बजे 8 से 10 युवकों ने पहले दिशांत अफताब के साथ मारपीट की. इसी दौरान उस पर चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई है. हमले के बाद घायल युवक मौके पर ही पड़ा रहा. इसी बीच वहां से गुजर रहे एक स्थानीय युवक की नजर घायल पर पड़ी. उसने पैसेंजर टेंपो की मदद से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है. बताया जा रहा है कि घटना अलबेला गार्डन के सामने स्थित एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. (नीचे भी पढ़ें)

फुटेज में हमले से जुड़े महत्वपूर्ण दृश्य होने की जानकारी सामने आ रही है. ऐसे में सीसीटीवी फुटेज आरोपियों की पहचान करने और घटनाक्रम को स्पष्ट करने में पुलिस के लिए अहम साक्ष्य साबित हो सकता है. घटना की सूचना मिलने के बाद कपाली ओपी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है. हमला किस विवाद को लेकर हुआ और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे, इसका पता लगाया जा रहा है. फिलहाल घायल युवक की स्थिति और हमले के कारणों को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.







