जमशेदपुर: जमशेदपुर से सटे सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी अंतर्गत पुड़ीसिल्ली में गुरुवार को रंगदारी नहीं देने पर बदमाशों ने मटेरियल सप्लायर की बुरी तरह पिटाई कर दी. इस दौरान उनके पास मौजूद 10 हजार और सोने की चेन भी छीन ली गई. इस मामले में पीड़ित कपाली अलीबाग निवासी आफरोज आलम ने पुलिस से लिखित शिकायत की है. आफरोज ने बताया कि उनका ईंट-गिट्टी सप्लाई का कारोबार है. होली में कर्मचारियों को पेमेंट देने के उद्देश्य से वह कलेक्शन करने अपनी कार से जा रहे थे. (नीचे भी पढ़े)
इसी दौरान पुड़ीसिल्ली के पास उन्हें 6 से 7 युवकों ने घेर लिया और रंगदारी स्वरुप 10 हजार रुपये की मांग की. इनकार करने पर सभी ने मिलकर उनकी पिटाई कर दी और वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. पिस्टल के बट से सिर पर वार कर दिया, जिससे सिर फट गया. बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया. इस बीच सभी आरोपी वहां से फरार हो गए. इस घटना में आफरोज के सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर आई है. पुलिस ने घायल का इलाज एमजीएम अस्पताल में करवाया है. वहीं शिकायत मिलने के बाद फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.



