जमशेदपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली टीओपी अंतर्गत गांगूडीह में शनिवार देर रात के बीच एक बंद पड़े मकान में अचानक आग लग गई. मकान से उठती धुएं और लपटों को देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी मिलते ही पड़ोसी अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए और पानी डालकर आग बुझाने में जुट गए. स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. (नीचे भी पढ़े)
इस दौरान दमकल विभाग को भी सूचना दी गई लेकिन दमकल विभाग करीब एक घंटे बाद तक मौके पर नहीं पहुंच सकी जो सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है.शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. इस घटना में घर के लगभग सभी फर्नीचर जलकर राख हो गए लेकिन नुकसान की कुल राशि का आकलन अभी नहीं हो सका है.जिस समय आग लगी उस वक्त घर में कोई मौजूद नहीं था. घर के सभी सदस्य किसी पार्टी में बाहर गए हुए थे और मकान बंद था. इस कारण किसी तरह की जानमाल का नुकसान नहीं हुआ.







