जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो गोलचक्कर के समीप बुधवार देर शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. जमशेदपुर से भागलपुर जाने वाली यात्री बस शंकर पार्वती अनियंत्रित होकर पारडीह रोड स्थित सिंधी होटल के समीप पहुंची और वहां खड़ी दो मोटरसाइकिलों को रौंद दिया. राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. हालांकि बस में सवार कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए भेजा गया.बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद एक मोटरसाइकिल बस के नीचे ही फंस गई. (नीचे भी पढ़े)

घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया तथा मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई.प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यात्री बस मानगो बस स्टैंड से खुलने के बाद मानगो गोलचक्कर होते हुए डिमना चौक की ओर जा रही थी. इसी दौरान मानगो चौक के समीप कथित तौर पर बस का ब्रेक फेल हो गया. इसके बाद चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और बस डिमना चौक की ओर जाने के बजाय पारडीह रोड की तरफ बढ़ गई. (नीचे भी पढ़े)

अनियंत्रित बस सिंधी होटल के समीप पहुंची और वहां खड़ी दो मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में ले लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा बेहद भयावह था. व्यस्त मानगो गोलचक्कर के समीप बस के अनियंत्रित होने के बावजूद कोई व्यक्ति उसकी चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई.फिलहाल मानगो थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बस का ब्रेक वास्तव में फेल हुआ था या हादसे के पीछे कोई अन्य कारण था.




