जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित पीएंडएम हाइटेक सिटी सेंटर मॉल से जुड़ा एक आर्थिक विवाद सामने आया है. मॉल में दुकान संचालित करने वाले एक व्यवसायी ने मॉल के प्रधान मैनेजर और उनकी पत्नी पर 4 लाख 45 हजार रुपये गबन करने का आरोप लगाते हुए बिष्टुपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. शिकायतकर्ता विकास कुमार अग्रवाल ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि वे पीएंडएम हाइटेक सिटी सेंटर मॉल में व्यवसाय करते हैं. उनके अनुसार मॉल के प्रधान मैनेजर प्रसेनजीत गुप्ता ने अपनी पत्नी की बीमारी और आर्थिक परेशानी का हवाला देकर उनसे रुपये उधार लिए थे. (नीचे भी पढ़ें)
आवेदन में कहा गया है कि वर्ष 2024 से 2025 के बीच अलग-अलग किस्तों में चेक और नकद के माध्यम से कुल 4 लाख 45 हजार रुपये दिए गए. शुरुआत में रुपये लौटाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन समय बीतने के बाद भी रकम वापस नहीं की गई. पीड़ित के अनुसार जब उन्होंने रुपये वापस मांगे तो प्रसेनजीत गुप्ता और उनकी पत्नी देवलीना गुप्ता द्वारा लगातार टालमटोल किया जाने लगा. बाद में आरोपियों की ओर से रुपये लौटाने के लिए एक चेक दिया गया, लेकिन जब उसे बैंक में जमा किया गया तो वह बाउंस हो गया.विकास अग्रवाल का आरोप है कि इसके बाद जब उन्होंने दोबारा पैसे की मांग की तो दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी. इस संबंध में उन्होंने बिष्टुपुर थाना में लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जांच कराने तथा प्रसेनजीत गुप्ता और देवलीना गुप्ता के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. उधर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.




