जमशेदपुर : सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री दक्षिण पूर्व रेलवे की टाटानगर होकर चलनेवाली ट्रेनों के विगत कई महीनों से लगातार लेट चलने एवं रद्द होने के विरोध में शुक्रवार, 11 अप्रैल को संध्या 4:30 बजे से जुगसलाई वीर कुंवर सिंह चौक पर धरना-प्रदर्शन करेगा. चैंबर के मानद महासचिव मानव केड़िया ने उक्त जानकारी दी है. अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने कहा कि टाटानगर होकर चलने वाली कई ट्रेनें विगत कुछ दिनों से घंटों विलंब से चल रही हैं और कई तो रद्द भी कर दी जा रही हैं, जिससे आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि चैम्बर ने रेल मंत्री, दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक व चक्रधरपुर मंडल रेल प्रबंधक को इन बातों से कई बार अवगत कराया, लेकिन इसमें कोई भी सुधार नहीं दिख रहा है. इसके मद्देनजर चैंबर ने जनहित में इस मुद्दे को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रेल अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराने का निर्णय लिया है. चैंबर के उपाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, सचिव सुरेश शर्मा लिपु, उपाध्यक्ष अनिल मोदी, अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, पुनीत कांवटिया, सचिव भरत मकानी, अंशुल रिंगसिया, विनोद शर्मा, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया आदि ने भी सभी सदस्यों से इस कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने का आग्रह किया है.



