
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा में रविवार दोपहर करीब 3 बजे मानगो के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित गरीब कॉलोनी निवासी लगभग 30 वर्षीय मोहम्मद मुमताज उर्फ आशिक पर पीछे से स्टील की रॉड से हमला कर दिया गया. इस हमले में उनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. बताया जा रहा है कि मोहम्मद मुमताज पेशे से वेल्डर थे और वेल्डिंग का काम करते थे. (नीचे देखे पूरी खबर)
कार्य स्थान पर ही एक युवक द्वारा उन पर अचानक पीछे से स्टील की रॉड से वार किया गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े. जब दूसरे कर्मचारियों ने ये देखा तो उन्हें टीएमएच अस्पताल पहुंचाया जहां फिलहाल आईसीयू में उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार, सिर और में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी स्थिति काफी क्रिटिकल बनी हुई है. हालांकि, शुरुआती तौर पर अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि घटना के पीछे कौन है और हमला किस वजह से किया गया. वहीं घायल मुमताज के भाई मोहम्मद फैयाज ने बताया कि उनके भाई की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, ऐसे में परिवार भी इस घटना को लेकर पूरी तरह हैरान है. उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि आखिर किसने और क्यों इस वारदात को अंजाम दिया. फिलहाल मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.








