
जमशेदपुर : जमशेदपुर में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है. बर्मामाइंस और जुगसलाई में जहां गुरुवार को छिनतई और लूट की घटना हुई थी, वहीं शुक्रवार को साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह चौक के पास सुबह में एक बुजुर्ग महिला से सोने के चेन की छिनतई नकाबपोश अपराधियों ने छिन लिया. बताया जाता है कि महिला सीतारामडेरा देवनगर की रहने वाली विमला चौधरी है, जो काशीडीह में पहले रहा करती थी. वह वहां चाय बेचने का भी काम करती थी. शुक्रवार की सुबह करीब चार बजे वह अपनी चाय दुकान को खोलने के लिए पैदल ही देवनगर से काशीडीह जा रही थी कि रास्ते में नकाबपोश अपराधियों ने उनके गले पर झपट्टा मारा और उससे सोने के चेन की छिनतई कर भाग निकले. वैसे महिला ने चेन को पकड़ लिया था, लेकिन फिर भी झपट्टा मारकर अपराधी चेन के एक हिस्सा को लेकर भागने में सफल रहे. इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दी गयी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी से नजर रखी जा रही है.







