
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थानाक्षेत्र स्थित दिग्वान्तिका अपार्टमेंट में बिहार के मधेपुरा के किशुनगंज निवासी 8 साल के बच्चे की मौत के मामले में उसकी बहन काजू मिश्रा उर्फ स्नेहा और बहन की सास ममता देवी को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया है. इस मामले में बच्चे के बहनोई निशांत कुमार मिश्रा को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. 7 मई को बच्चे की मौत हुई थी. इस मामले के करीब दो माह के बाद पुलिस ने अनुसंधान में पाया कि यह हत्या का मामला है.
क्या है मामला :
जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में एक लोमहर्षक घटना सामने आयी है. कदमा के शिवाजी पथ दिगवंतिका अपार्टमेंट निवासी निशांत कुमार मिश्रा के घर पर उसके साले 8 साल के बच्चे जित्यम कुमार उर्फ जीतू की मौत हो गयी थी. 7 मई को यह घटना घटी थी. जित्यम के पिता संतोष मिश्रा है, जो बिहार के मधेपुरा के किशनूगंज थाना क्षेत्र के बुधामा गांव के रहने वाले है. बताया जाता है कि जित्यम कुमार 8 साल का बच्चा है, जो अपनी बहन के घर में रह रहा था. उसकी बहन काजू कुमारी है जबकि उसके बहनोई निशांत कुमार मिश्रा है. बहनोई निशांत कुमार मिश्रा और बहन काजू कुमारी ने पुलिस को बताया कि बुधवार की शाम करीब चार बजे जित्यम कुमार बाथरुम में नहाने के लिए घुसा था. बाथरुम में ही वह गिर गया, जिसके बाद वे लोग उसको टीएमएच लेकर गये, जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया. लेकिन बच्चे के पिता ने बताया कि उसकी बेटी, दामाद और दामाद की माँ ने मिलकर उनके बेटे की हत्या कर दी है. बच्चे को यातनाएं देने का भी आरोप लगाते हुए अपनी बेटी, दामाद और बेटी की सास के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करा दिया था. इस मामले की तफ्तीश के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया.






