जमशेदपुर: स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के निर्देशानुसार सरकारी एवं निजी विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं में छिपी प्रतिभा की खोज, उनके कौशल का संवर्धन तथा उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से “जेपीसी झारखंड स्कूल आइडियल सुर और ताल संगम”कार्यक्रम का आयोजन किया गया.इसी क्रम में 22 अक्टूबर को कोल्हान प्रमंडल का प्रमंडल स्तरीय कार्यक्रम पूर्वी सिंहभूम में आयोजित किया गया. (नीचे भी पढे)

इस कार्यक्रम में कोल्हान प्रमंडल के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम एवं सरायकेला-खरसावां के जिला स्तरीय कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 36 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. इनमें गायन विद्या के 18 तथा नृत्य विद्या के 18 प्रतिभागी शामिल थे.इस दौरान छात्र-छात्राओं ने अपनी गायन एवं नृत्य प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों एवं प्रदर्शन के आधार पर प्रमंडल स्तर पर गायन एवं नृत्य विद्या में कुल 12 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया. चयन प्रक्रिया में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों को जूनियर वर्ग तथा कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को सीनियर वर्ग में रखा गया.चयनित प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. (नीचे भी पढे)

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन उपस्थित रहे. साथ ही जिला शिक्षा पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम की गरिमामयी उपस्थिति रही. मुख्य अतिथि एवं अन्य उपस्थित पदाधिकारियों ने बच्चों की प्रतिभा,आत्मविश्वास एवं प्रस्तुतियों की सराहना की. उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी अपनी प्रतिभा को निखारने, निरंतर अभ्यास करने तथा जीवन में सफलता की नई ऊंचाइयां प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया.





