जमशेदपुर : छोटा गोविंदपुर स्थित दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट में रविवार को एक विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ. इसमें जिला पार्षद डॉ परितोष सिंह मुख्य अतिथि थे. उन्होंने संस्थान के डिप्लोमा, बीबीए और विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के छात्रों से संवाद कर भविष्य की चुनौतियों के लिए उनका मार्गदर्शन किया. उन्होंने छात्रों को एक रचनात्मक समाज के निर्माण के जरिये राष्ट्र निर्माण में भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है. (नीचे भी पढ़ें)

इसके साथ ही, उन्होंने पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद प्रतिष्ठित संस्थानों में चयनित होनेवाले छात्रों को बधाई दी एवं सफल छात्रों को पुरस्कार प्रदान कर उनका हौसला भी बढ़ाया. उन्होंने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर मौजूद पंचायत समिति सदस्य सतबीर सिंह बग्गा ने भी छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए निरंतर सीखने और मेहनत करने की सलाह दी. समारोह में संस्थान के कई वरिष्ठ सदस्य और पदाधिकारी भी उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से इंस्टीट्यूट के प्रभारी अभय कुमार, सचिव कुणाल मेहता, अध्यक्ष संदीप सिंह, संस्थापक सदस्य विनय सतसंगी, एचएन चौधरी आदि शामिल थे.







