
जमशेदपुर : मंगलवार को सुबह 7:30 बजे क्षेत्र भ्रमण के क्रम में पूर्व सांसद व पूर्व आइपीएस अधिकारी डॉ अजय कुमार मानगो चौक पहुंचे, जहां मानगो विकास समिति के अध्यक्ष ओंकार नाथ सिंह व समिति के अन्य वरीय पदाधिकारियों ने उनका जोरदार अभिनन्दन किया. अपने चिर-परिचित अंदाज में बुलट पर सवार डॉ अजय कुमार जब मानगो चौक पहुंचे तो उनके पुराने दिनों की याद ताज़ा हो गई. जब अपराध से कराह रहे शहर की पुलिसिया कप्तानी थाम कर डॉ अजय कुमार जमशेदपुर पहुंचे थे. उम्र के इस पड़ाव में भी वही तेवर, वही जोश और जज़्बा. दरअसल यह उनकी सेवा भावना और क्षेत्र के लोगों के प्रति प्यार और समर्पण का परिचायक है. बिना किसी पूर्व सूचना के लोगों की भीड़ मानगो चौक पर जमा हो जाना आज भी डॉ अजय कुमार की लोकप्रियता का जीवन्त प्रमाण है. एक-एक व्यक्ति से मिलना, नाम से पुकारना, एक गरीब कामगार के कंधे पर आत्मीयता से हाथ रखना, ये सारे डॉ अजय कुमार की विलक्षण प्रतिभा है. यहां समिति के अध्यक्ष ओंकार नाथ सिंह ने डॉ अजय कुमार के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए विश्वास दिलाया कि डॉ अजय कुमार की क्षेत्र के लोगों के बीच उपस्थिति और आत्मीयता एक बड़े परिवर्तन का संकेत है. गहरे पानी में पैठ से ही मोती मिलता है. आज भी लोग डॉ अजय कुमार की व्यवहारिकता और कार्य कुशलता के कायल हैं. इस दौरान मानगो विकास समिति के कोषाध्यक्ष रतन पटवारी, उपाध्यक्ष विकास जायसवाल, महासचिव विपिन झा, हर्षित सिंह अध्यक्ष छात्र शाखा मानगो विकास समिति, रविशंकर केपी समेत अनेक आम और खास उपस्थित थे.



