जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के विनिर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग का अभियान लगातार जारी है. सहायक आयुक्त उत्पाद, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के निर्देशानुसार 22 मई को पटमदा थाना क्षेत्र के बटालुका एवं गोबरघूसी गांवों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया.उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दोनों क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अवैध शराब निर्माण स्थलों पर दबिश दी. छापेमारी के दौरान करीब 60 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई. इसके अलावा शराब निर्माण में प्रयुक्त होने वाले लगभग 1500 किलोग्राम किण्वित जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया.बताया गया कि छापेमारी दल के पहुंचने की भनक लगते ही अवैध भट्ठियों का संचालन कर रहे लोग दूर से ही टीम को आता देख मौके से फरार हो गए. हालांकि विभाग ने बरामद सामग्री को जब्त करते हुए अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है.(नीचे भी पढ़े)

उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. ग्रामीण और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके.इस मामले में अवैध शराब कारोबारियों और विक्रेताओं के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया है. फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है.उत्पाद विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब निर्माण या बिक्री की जानकारी मिले तो इसकी सूचना प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर जनस्वास्थ्य और कानून व्यवस्था को सुरक्षित रखा जा सके.








