जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित धालभूम क्लब में 12 फरवरी की रात करीब 1.30 बजे डीजे बजाए जाने की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डीजे सिस्टम जब्त कर लिया. जानकारी के अनुसार, निर्धारित समय सीमा के बाद तेज ध्वनि में संगीत बजाने की सूचना मिलने पर साकची थाना की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने पहले डीजे बंद करने की हिदायत दी, लेकिन निर्देशों का पालन नहीं किए जाने पर एएसआई प्रवीण लकड़ा के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया. पुलिस ने मानगो के शंकोसाई रोड नंबर एक निवासी किशोर प्रसाद, सहारा सिटी मानगो के ऑर्गेनाइजर विशाल म्यूजिक उर्फ विशाल कुमार, डीजे मालिक गोलमुरी के टुइलाडूंगरी लाइन नंबर 4 निवासी मुख्तार सिंह तथा जब्त वाहन को आरोपी बनाया है. कार्रवाई के दौरान चार पीस डेजी, चार पीस एम्प्लीफायर और एक पिकअप वैन को जब्त किया गया. (नीचे भी पढे़ं)
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से डीजे संबंधी वैध कागजात की मांग की गई, परंतु कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया. नियमानुसार, शादी-पार्टी या समारोह में डीजे बजाने की अनुमति रात 10 बजे तक ही मान्य है. पुलिस ने कहा कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है.



