जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र के रॉक गार्डेन के पास दो शातिर ठगों ने एक महिला को बेटे पर ग्रह दोष और अनहोनी का भय दिखाकर करीब 7 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवर ठग लिए. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. शिकायत मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेल्को के एम-47/8 निवासी संगीता महांता, जो टाटा मोटर्स के पदाधिकारी लाल मोहन महांता की पत्नी हैं, बाजार जाने के लिए घर से निकली थीं. ( नीचे देखें पूरी खबर )

इसी दौरान रॉक गार्डेन के पास एक युवक ने उन्हें रोककर किसी पते के बारे में पूछताछ की. महिला ने जानकारी नहीं होने की बात कहकर आगे बढ़ गईं. कुछ दूरी पर एक अन्य युवक ने उन्हें बातचीत में उलझाया और दावा किया कि उनके बेटे पर ग्रह दोष है तथा उस पर बड़ा संकट मंडरा रहा है. युवक ने कहा कि यदि तुरंत उपाय नहीं किया गया तो कोई अनहोनी हो सकती है. महिला ने बताया कि दोनों युवकों ने उन्हें विश्वास में लेकर कहा कि ग्रह दोष दूर करने के लिए वह अपने पास मौजूद सोने-चांदी के आभूषण, चाबी और अन्य सामान उन्हें सौंप दें. बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंतित महिला उनकी बातों में आ गईं और अपने गले की सोने की चेन, कंगन, अंगूठियां, घर की चाबी समेत अन्य सामान उन्हें दे दिया. सामान हाथ में लेते ही दोनों ठग मौके से फरार हो गए. कुछ देर बाद महिला को ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने परिजनों को घटना की जानकारी दी और टेल्को थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा ग्रह दोष, तंत्र-मंत्र या किसी अनहोनी का डर दिखाकर की जाने वाली बातों पर विश्वास न करें और ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें.







