
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक निजी कार्यालय में चार युवकों द्वारा हंगामा और मारपीट की घटना सामने आई. जानकारी के अनुसार, केनरा बैंक के पास स्थित एक ब्लिंकिट डिलीवरी कार्यालय में रात करीब 12 बजे बाइक सवार युवक पहुंचे और बिना किसी स्पष्ट कारण के कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट शुरू कर दी. अचानक हुई इस घटना से कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी दहशत में आ गए. (नीचे देखे पूरी खबर)
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी युवक नशे की हालत में थे और उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की व गाली-गलौज की. स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गई, जिसे अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से काबू में किया गया. काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने चारों युवकों को हिरासत में ले लिया. फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है और घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए गश्त बढ़ाने की मांग की है.







