जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के सहारा सुंदरवन अपार्टमेंट में मंगलवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां एक 7 वर्षीय बच्चा पार्किंग में कार चलाते हुए दिखाई दिया. स्थानीय लोगों की सतर्कता और समय पर हस्तक्षेप से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चा खेलते-खेलते घर से कार की चाबी लेकर पार्किंग में पहुंच गया. उसने कार स्टार्ट कर उसे आगे-पीछे चलाना शुरू कर दिया. यह नजारा देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए लोगों ने तत्काल मानगो थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को सुरक्षित अपने साथ थाना ले गई. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद बच्चे के पिता एम राजा को भी थाने बुलाया गया. पूछताछ में बच्चे के पिता ने बताया कि घटना के समय घर के सभी सदस्य सो रहे थे. इसी दौरान बच्चा चुपचाप कार की चाबी लेकर बाहर निकल गया और पार्किंग में खड़ी कार स्टार्ट कर उसे चलाने लगा. पुलिस ने बच्चे के पिता को भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी. साथ ही वाहन की चाबी सुरक्षित स्थान पर रखने और बच्चों की पहुंच से दूर रखने की सलाह दी. पुलिस ने कहा कि यदि समय रहते बच्चे को नहीं रोका जाता, तो यह घटना एक बड़े हादसे में बदल सकती थी, जिससे बच्चे सहित अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी.





