जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर स्थित डिग्निटी बिल्डिंग के सामने सोमवार रात अचानक हलचल मच गई जब लोगों ने एक कार को रोक लिया. लोगों का आरोप है कि कार चालक ने तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए जवाहरनगर रोड नंबर 17 के पास एक बच्चे को टक्कर मार दी जिससे वह घायल हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे में बच्चे के पैर में गंभीर चोट आई है. घटना के बाद बच्चे के परिजनों और स्थानीय लोगों ने कार का पीछा किया और डिग्निटी बिल्डिंग के सामने वाहन को रोक लिया. इसके बाद मौके पर काफी संख्या में लोग जुट गए. (नीचे भी पढ़ें)

स्थिति बिगड़ती देख मानगो थाना पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा. पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और माहौल को शांत कराया. घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो गई थी जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा.







