जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना अंतर्गत हुए बहुचर्चित मो. तौकीर उर्फ गोरा हत्याकांड में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. मामले में नामजद आरोपी विपुल यादव (आदित्यपुर निवासी एवं ईंट-भट्ठा संचालक) ने शुक्रवार को जमशेदपुर कोर्ट के एसडीजेएम की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया. विपुल यादव ने अपने अधिवक्ता गौरव पाठक के माध्यम से विधि-सम्मत तरीके से न्यायालय के समक्ष सरेंडर किया. कदमा शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 में मो तौकीर उर्फ गोरा की हत्या हुई थी, जिसके बाद से पुलिस लगातार मामले की जांच कर रही थी. (नीचे भी पढ़े)
इस हत्याकांड में विपुल यादव का नाम सामने आया था. इससे पहले पुलिस द्वारा आदित्यपुर स्थित उनके ईंट-भट्ठे और अन्य ठिकानों पर छापेमारी भी की गई थी. आत्मसमर्पण की इस कार्यवाही के बाद, न्यायालय ने आरोपी विपुल यादव को न्यायिक हिरासत में लेते हुए जेल भेज दिया है. अब मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया और पुलिस द्वारा रिमांड की मांग पर न्यायालय में सुनवाई होगी. इस मामले में एक महिला सिपाही को जेल भेजा जा चुका है.








