
जमशेदपुर : झारखंड के श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के युवा प्रदेश अध्यक्ष गणेश सिंह पर एमजीएम थाना में एक जमीन को फर्जी दस्तावेज के आधार पर बेचने का मामला सामने आया है. इस मामले में उनके खिलाफ एफआइआर की बात बतायी गयी है. हालांकि, खुद गणेश सिंह ने इसका खंडन किया है. गणेश सिंह ने एक प्रेस बयान जारी कर कहा है कि उनको यह खबर मिली है कि एमजीएम थाना अंतर्गत तुड़ियाबेड़ा स्थित किसी भूखंड के फर्जी दस्तावेज़ के आधार पर उसे बेचने के आरोप के संबंध में मेरा नाम लिया जा रहा है और अंचल अधिकारी चक्रधर महतो के बयान पर उनके विरुद्ध एमजीएम थाना में एक प्राथमिकी दर्ज की गयी है. श्री सिंह ने कहा है कि तुड़ियाबेड़ा स्थित किसी भी भूखंड से उनका प्रत्यक्ष या परोक्ष कोई भी संबंध कभी भी नहीं रहा है. उनके ऊपर लगाये गये आरोप पूर्णतः निराधार है. उन्होंने कहा कि कुछ लोग अपुष्ट और गलत खबर फैलाकर निरंजन सिंह कांप्लेक्स की छवि और उनकी और उनके परिवार की छवि को खराब करना चाहते है. उन्होंने कहा है कि वे संबंधित थाना प्रभारी एवं अंचल अधिकारी से निवेदन करते है कि उपरोक्त मामले की उचित न्यायिक जांच करवा कर असल दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करें और उनका नाम जो इस संबंध में जिस प्रकार से भी आया है, उसे निरस्त करें. उन्होंने कहा है कि वे इस मामले में संपूर्ण रूप से इस जांच में सहयोग करने के लिये तैयार है. उन्होंने आशा व्यक्त की है कि पुलिस-प्रशासन न्यायसंगत कार्रवाई करेगी.





