जमशेदपुर:जमशेदपुर के सुंदरनगर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की 10 छात्राएं 8 अगस्त को इसरो यानी भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के शैक्षणिक भ्रमण पर जाएंगी. इस अवसर को लेकर विद्यालय और छात्राओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है. इस यात्रा से पूर्व मंगलवार को सभी छात्राएं सदर अस्पताल में फिटनेस टेस्ट के लिए पहुंचीं. मेडिकल जांच अनिवार्य रूप से कराई गई ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि सभी छात्राएं यात्रा के लिए पूरी तरह से शारीरिक रूप से सक्षम हैं. (नीचे भी पढ़े)
विद्यालय की शिक्षिका ने बताया कि इसरो द्वारा आयोजित एक विशेष परीक्षा में विद्यालय की इन 10 छात्राओं ने सफलता प्राप्त की थी. उन्हीं छात्राओं को इसरो भ्रमण का अवसर मिला है. शिक्षिका ने इसे विद्यालय के लिए गौरव का क्षण बताया और कहा कि यह छात्राओं के लिए एक प्रेरणादायक अनुभव होगा. छात्राओं ने भी अपनी खुशी साझा करते हुए कहा कि वे बहुत उत्साहित हैं. उन्होंने कहा कि वे इसरो जाकर जानना चाहती हैं कि रॉकेट कैसे बनाए जाते हैं और अंतरिक्ष मिशन किस प्रकार संचालित होते हैं. यह यात्रा छात्राओं के लिए न सिर्फ एक अविस्मरणीय अनुभव होगी, बल्कि उनके करियर को एक नई दिशा देने में भी सहायक सिद्ध होगी.



