जमशेदपुर : जमशेदपुर के लॉ एंड आर्डर को लेकर कांफेडरेशन आफ़ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव सुरेश सोंथालिया ने देश के गृह मंत्री को एक पत्र लिखा है. इस पत्र में कहा गया है कि औद्योगिक शहर जमशेदपुर इन दिनों कानून-व्यवस्था से जुड़ी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है. शहर में आए दिन हत्या, चोरी, नशाखोरी तथा अपहरण आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हो रही हैं. पिछले दिनों शहर के उद्यमी पुत्र का अपहरण किया गया था. इससे आम नागरिकों एवं व्यापारियों में असुरक्षा और भय का वातावरण उत्पन्न हो गया है. (नीचे भी पढ़े)
नागरिकों को वाहन चेकिंग के नाम (पिछले दिनों गर्भवती महिला को स्कूटर से गिरा दिया गया था ) पर अनावश्यक भयादोहन, उत्पीड़न एवं भय का माहौल भी बन रहा है. यदि ऐसी शिकायतें सत्य हैं, तो उनकी निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि कानून का पालन भी हो और आम नागरिकों के अधिकारों की भी रक्षा हो सके. जमशेदपुर देश का एक महत्वपूर्ण औद्योगिक एवं व्यापारिक केंद्र है. यहां शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण उद्योग, व्यापार, निवेश और रोजगार के लिए अत्यंत आवश्यक है. इसलिए शहर की कानून-व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा कराई जाए, पुलिस प्रशासन को अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी निर्देश दिए जाएं तथा नागरिकों और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएं. साथ ही, यदि कहीं पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायतें हैं, तो उनकी निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाए.







