जमशेदपुर : जमशेदपुर के डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों को भीषण गर्मी के बीच राहत नहीं मिल पा रही है. सोमवार को शहर का तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, लेकिन इमरजेंसी वार्ड में लगे दोनों एयर कंडीशनर (एसी) बंद रहने से मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. इमरजेंसी वार्ड में मरीजों के लिए कुछ पंखों की व्यवस्था की गई है, लेकिन तेज गर्मी के बीच यह नाकाफी साबित हो रही है. कई परिजनों को अपने मरीजों को हाथ से हवा कर राहत पहुंचाने की कोशिश करते देखा गया. मरीज के परिजन राधो गोराई ने बताया कि दिनभर भीषण गर्मी के बावजूद इमरजेंसी वार्ड का एसी बंद रहा. उन्होंने कहा कि वार्ड में केवल सीलिंग फैन और कुछ पेडेस्टल फैन लगाए गए हैं, लेकिन स्ट्रेचर बीच में होने के कारण हवा सभी मरीजों तक समान रूप से नहीं पहुंच पाती. (नीचे भी पढ़ें)
इससे मरीजों को पर्याप्त राहत नहीं मिल रही है और अत्यधिक गर्मी उनकी स्थिति को और गंभीर बना सकती है. परिजनों का आरोप है कि अस्पताल परिसर में एसी प्लांट की सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद इमरजेंसी जैसे महत्वपूर्ण विभाग में ठंडी हवा की समुचित व्यवस्था नहीं की जा रही है. उनका कहना है कि इमरजेंसी वार्ड में हमेशा मरीजों की संख्या अधिक रहती है, लेकिन इतने बड़े हॉल में केवल दो एसी लगे हैं. कई बार एसी चालू रहने पर भी उसका प्रभाव पूरे वार्ड में महसूस नहीं होता. मरीजों के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से मांग की है कि इमरजेंसी वार्ड की शीतलन व्यवस्था को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए और गर्मी से राहत के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि इलाज के लिए आने वाले मरीजों को अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना न करना पड़े.





