जमशेदपुर : एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मरीजों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है. अस्पताल में जल्द ही 7 सुपर स्पेशलिटी विभागों की ओपीडी सेवाएं शुरू होने जा रही हैं. इसके तहत मरीजों को एक ही छत के नीचे न्यूरोसर्जरी, नेफ्रोलॉजी, ऑन्को सर्जरी, ऑन्कोलॉजी, कार्डियोलॉजी और प्लास्टिक सर्जरी जैसे विभागों में इलाज और परामर्श की सुविधा मिलेगी. अस्पताल अधीक्षक डॉ बलराम झा ने बताया कि इन सेवाओं के शुरू होने से कोल्हान समेत आसपास के जिलों के मरीजों को अब बेहतर इलाज के लिए रांची, कोलकाता या महंगे निजी अस्पतालों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा. इससे मरीजों के समय और पैसे, दोनों की बचत होगी. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार, कोल्हान क्षेत्र से प्रति दिन करीब 200 मरीज गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए निजी अस्पतालों में जाते हैं, जहां केवल डॉक्टरों की कंसल्टेंसी फीस में ही 800 से 1000 रुपये तक खर्च हो जाते हैं. ऐसे में एमजीएम अस्पताल में यह सुविधा निःशुल्क मिलने से मरीजों के लगभग 1.60 लाख से 2 लाख रुपये प्रतिदिन बचने का अनुमान लगाया जा रहा है. इसके अलावा अस्पताल परिसर में ही पैथोलॉजी और रेडियोलॉजी जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि मरीजों को जांच के लिए बाहर न जाना पड़े. अस्पताल प्रबंधन के अनुसार सुपर स्पेशलिटी ओपीडी सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा। इससे कोल्हान की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी.







