जमशेदपुर : मारवाड़ी युवा मंच की स्टील सिटी शाखा की टीम ने अध्यक्ष मोहित मूनका के नेतृत्व में जमशेदपुर पूर्व के विधायक सरयू राय से मुलाकात की. टीम ने मुलाकात के दौरान श्री राय को स्टील सिटी शाखा द्वारा आगामी 01 से 03 अगस्त तक आयोजित होने जा रहे निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर में आने के लिए आमंत्रित किया. श्री राय ने मंच की टीम की इस पहल की प्रशंसा करते हुए शाखा को अग्रिम शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह कार्यक्रम उनके दिल के बहुत करीब है और आश्वस्त किया कि वे शिविर में समय निकालकर जरूर आएंगे. इस दौरान मंच के सदस्यों ने श्री राय को दुपट्टा और पौधा प्रदान कर सम्मानित किया.(नीचे भी पढ़ें)

मंच अपने इस कार्यक्रम के लगातार प्रचार-प्रसार में लगा हुआ है और इसी सिलसिले में विभिन्न क्षेत्रों में जा कर अपने आगमी कार्यक्रम, निशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर के बारे में लोगों को बता रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस शिविर का लाभ उठा सकें. मौके पर शाखा अध्यक्ष मोहित मूनका, सचिव सौरभ संथालिया, रोहित अग्रवाल, आकाश शाह एवं अन्य सदस्य उपस्थित थे.




