पटमदा : जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने पटमदा क्षेत्र के दौरे के क्रम में सोमवार को पटमदा के धुसरा स्थित अनुसूचित जनजाति आवासीय प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण कर वहां की स्थिति का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान विधायक ने अलग-अलग कक्षाओं में जाकर स्कूल के बच्चों से मुलाकात की एवं उनका हालचाल जाना और स्वच्छता, पेयजल, भोजन और उन्हें मिल रही अन्य सुविधाओं की जानकारी ली. (नीचे भी पढ़ें)

पढ़ाई की चर्चा करते हुए उन्होंने बच्चों से उनकी समस्या की भी जानकारी ली. उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए भी प्रेरित किया. विद्यार्थियों ने स्कूल में दोनों टाइम खाने में चावल ही दिये जाने की शिकायत की, जिस पर विधायक ने शिक्षकों को फटकार लगाते हुए उन्हें रात में रोटी देने की हिदायत दी. विधायक ने बच्चों को परोसे जानेवाले भोजन की गुणवत्ता जांचने के लिए वहां खुद भोजन किया. (नीचे भी पढ़ें)
स्कूल परिसर में पड़ी गंदगी को देखते हुए विधायक ने स्कूल परिसर की नियमित सफाई कराने को भी कहा. मौके पर उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी को भी विधायक ने समय-समय पर स्कूल का निरीक्षण करते रहने को कहा, ताकि बच्चों को कोई समस्या न हो और उन्हें अच्छी शिक्षा के साथ अच्छा भोजन भी उपलब्ध हो.



